March 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

वीर बाल दिवस पर दर्री में साहिबज़ादों के शौर्य और बलिदान का भावपूर्ण स्मरण, राष्ट्रधर्म की राह पर चलने का संदेश

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//   दर्री (कोरबा)।
वीरता, त्याग और अटूट आस्था के प्रतीक वीर बाल दिवस के अवसर पर अग्रसेन भवन, सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलोनी, दर्री में एक गरिमामय और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के वीर साहिबज़ादों — साहिबज़ादा फतेह सिंह एवं साहिबज़ादा जोरावर सिंह — के अल्पायु में दिए गए सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने साहिबज़ादों के जीवन, अदम्य साहस, अडिग आस्था और धर्म की रक्षा हेतु किए गए बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। बताया गया कि किस प्रकार अत्यंत कम आयु में भी उन्होंने अत्याचार और प्रलोभन के सामने झुकने के बजाय धर्म, सत्य और राष्ट्रधर्म की रक्षा का मार्ग चुना। उनका बलिदान न केवल सिख इतिहास, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय इतिहास का गौरवशाली और स्वर्णिम अध्याय है।

 

 

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा ने कहा कि साहिबज़ादों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें यह संदेश देता है कि राष्ट्र, धर्म और सत्य के लिए त्याग करना ही सच्चा जीवन आदर्श है। साहिबज़ादों की गाथा हर भारतीय के हृदय में साहस, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों का संचार करती है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने साहिबज़ादों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों की सहभागिता रही, जिससे वातावरण श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
वीर बाल दिवस कार्यक्रम के संयोजक पविंदर सिंह तथा सहसंयोजक प्रदीप सिंह रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शैलेंद्र यादव, उदय श्रीवास्तव, अविनाश, संजय अग्रवाल, अनिल गिरी, ज्योति वैष्णव, सरोज सिंह, आशीष अग्रवाल, सुनीता पांडे, किशोर प्रधान, मुकेश श्रीवास, संतोष प्रजापति, नेहा ठाकुर, बीपी त्रिपाठी, अर्चना राठौर, संजना मिश्रा, संगीता सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में साहिबज़ादों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.