हरदी बाजार कॉलेज में आत्मनिर्भर भारत का संकल्प: स्वदेशी अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने लिया देशी वस्तुओं के उपयोग का प्रण






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत एवं स्वदेशी संकल्प अभियान के अंतर्गत हरदी बाजार कॉलेज में प्रेरणादायी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया।
इस अवसर पर अभियान के प्रभारी एवं भाजपा जिला मंत्री श्री अजय कुमार दुबे जी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए भारत की प्राचीन गौरवशाली परंपरा और आत्मनिर्भरता के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में भारत ज्ञान, विज्ञान, व्यापार, संस्कृति और उत्पादन के सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर था और विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित था। उन्होंने बताया कि मुगलों और अंग्रेजों के शासनकाल में भारत को लूटा गया और मैकाले द्वारा भारतीय शिक्षा पद्धति पर विदेशी शिक्षा प्रणाली थोपकर देश की जड़ों को कमजोर किया गया।

श्री दुबे ने कहा कि आजादी के बाद भी पिछले 70 वर्षों तक देश को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस प्रयास नहीं हुए, लेकिन अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत में निर्मित स्वदेशी ब्रह्मोस मिसाइल ने पूरी दुनिया को यह संदेश दे दिया है कि भारत अब सैन्य और तकनीकी क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन चुका है।
उन्होंने गर्व के साथ बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था आज विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है और बहुत जल्द तीसरे स्थान पर पहुंचने वाली है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि जब भारत वर्ष 2047 में आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब तक हमें अपने देश को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।
स्वदेशी अपनाने और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान श्री दुबे ने सभी से देश में निर्मित वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का छोटा-सा योगदान भी आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत कर सकता है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को स्वदेशी संकल्प पत्र भरवाकर आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित
इस अवसर पर कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें—
श्री कृष्णा पटेल जी – मंडल अध्यक्ष, हरदी बाजार
श्री अमरनाथ कौशिक जी – महामंत्री, भाजपा मंडल हरदी बाजार
श्री अनिल पांडे जी – प्रभारी प्राचार्य
श्री कार्तिकेश्वर दुबे जी – प्रभारी, राष्ट्रीय सेवा योजना
श्री शिव दुबे जी – सहायक प्राध्यापक (हिंदी)
सभी अतिथियों ने भी स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
छात्र-छात्राओं में दिखा राष्ट्रभक्ति और स्वदेशी के प्रति उत्साह
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, स्वदेशी सोच और आत्मनिर्भर भारत को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने देशहित में स्वदेशी को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।





