February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

जनसुरक्षा सर्वोपरि: कलेक्टर अजीत वसंत ने कुदुरमाल पुल का किया गहन निरीक्षण, लोड बेयरिंग जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले में नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने ग्राम कुदुरमाल में हसदेव नदी पर स्थित पुल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल की वर्तमान स्थिति, उसकी मजबूती और आवागमन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया। इस अवसर पर सेतु विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं नगर निगम के इंजीनियर भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने पुल की जर्जर स्थिति और उस पर पहले से लागू आवागमन प्रतिबंध को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल की वास्तविक स्थिति की वैज्ञानिक जांच अत्यंत आवश्यक है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
लोड बेयरिंग टेस्ट के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित
कलेक्टर श्री वसंत ने सेतु विभाग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के इंजीनियरों की तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। इस समिति को पुल का तकनीकी परीक्षण कर लोड बेयरिंग क्षमता (भार वहन क्षमता) की जांच करने और सात दिवस के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
वैकल्पिक मार्ग के लिए अध्ययन के निर्देश
पुल की वर्तमान हालत को देखते हुए कलेक्टर श्री वसंत ने अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग तलाशने की संभावनाओं का अध्ययन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में पुल पर पूर्ण रूप से यातायात बंद करना पड़े, तो आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पहले से सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मार्ग की वर्तमान स्थिति का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मार्ग की वर्तमान स्थिति, यातायात दबाव एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण और जांच रिपोर्ट के आधार पर जनहित में शीघ्र निर्णय लिया जाए।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सेतु विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के वरिष्ठ इंजीनियर उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने पुल की तकनीकी जानकारी कलेक्टर को अवगत कराई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.