अयोध्याधाम रवाना हुआ श्रद्धालुओं का दल: महापौर संजू देवी राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर किए 35 तीर्थयात्री विदा
1 min read
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 03 दिसंबर 2025।
श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत कोरबा से 35 श्रद्धालुओं का तीर्थदल आज अयोध्याधाम हेतु रवाना हुआ। नगर निगम मुख्यालय साकेत भवन में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने पार्षदगणों की उपस्थिति में बस को हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को शुभकामनाओं सहित रवाना किया। महापौर ने तीर्थयात्रियों का तिलक कर पुष्पमाला पहनाकर मंगलमय यात्रा की कामना की।
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत हर माह प्रदेश के नागरिकों को अयोध्याधाम ले जाकर भगवान श्रीरामलला के दर्शनों का सौभाग्य प्रदान किया जा रहा है, जिसका संपूर्ण व्यय शासन द्वारा वहन किया जाता है। इसी क्रम में इस माह भी कोरबा से 35 तीर्थयात्री अयोध्याधाम दर्शन को प्रस्थान कर रहे हैं।

आज प्रातः 8 बजे कोरबा से बस द्वारा रवाना हुआ यह दल बिलासपुर के उस्लापुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगा, जहां से विशेष ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालु अयोध्याधाम पहुंचकर भगवान श्रीरामलला के पावन दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

रवाना करने के अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि रामलला के दर्शनों हेतु जा रहे श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देकर विदा करना किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने ईश्वर से सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की। तीर्थयात्रियों ने भी सरकार की इस दिव्य योजना की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री एवं राज्य शासन के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य फिरतराम साहू, अजय गोंड़, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, अरविंद सिंह, संतोष यादव, संजय कुमार भास्कर समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी व गणमान्यजन उपस्थित थे।
