February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कलेक्टर अजीत वसंत ने विभागीय कार्यों की ली समीक्षा, समय सीमा की बैठक में दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/कोरबा, 04 नवम्बर 2025।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री वसंत ने जिले के सभी हॉस्पिटल और नर्सिंग होम में “नर्सिंग होम एक्ट” के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम बनाकर अस्पतालों का निरीक्षण करें और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करें।

बैठक में कलेक्टर ने बाल संप्रेक्षण गृह के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएमएफ से स्वीकृत परंतु अप्रारंभ कार्यों की सूची दो माह के भीतर तैयार करने कहा, ताकि इन्हें प्राथमिकता से प्रारंभ किया जा सके।

कलेक्टर श्री वसंत ने रेडक्रॉस समिति को ब्लड डोनेशन वाहन शीघ्र उपलब्ध कराने, तथा आत्मानंद विद्यालयों में अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में प्रतीक्षा सूची से योग्य उम्मीदवारों को शीघ्र नियुक्ति प्रदान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यार्थियों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।

उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) वर्ग के हितग्राहियों के आवासों में पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य अधिकारी को जिले में आवश्यकता वाले स्थानों पर नए पीडीएस गोदाम निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने कहा।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन पंचायतों में अब तक नए स्कूल या आंगनबाड़ी भवन स्वीकृत नहीं हुए हैं, वहां की आवश्यकता की जांच कर प्रस्ताव तैयार किए जाएं। आयुष विभाग के पॉलीक्लिनिक में आईपीडी सेवा प्रारंभ करने की तैयारियों की जानकारी लेकर उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही श्री वसंत ने रनई और साखों जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को शीघ्र वनाधिकार पट्टा प्रदान करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निराकरण पर बल दिया।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा श्री तन्मय खन्ना, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर कटघोरा श्री ओंकार यादव, सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीएमओ नगरीय निकाय, प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख, अधीक्षक भू-अभिलेख, नायब तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक विभाग समयबद्ध ढंग से अपने लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.