जामरी में भगवान सहस्त्रबाहू व माता बहादुर कलारिन माता की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी






सिन्हा कलार समाज द्वारा कलश यात्रा, राउत नाचा और शोभायात्रा के साथ होगी आस्था और एकता की अनूठी मिसाल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ डोंगरगढ़ ग्राम जामरी में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिन्हा कलार समाज द्वारा भगवान सहस्त्रबाहू (कार्तवीर्य अर्जुन) एवं माता बहादुर कलारिन माता की जयंती का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ग्राम के प्रमुख सामाजिक उत्सवों में से एक है, जिसमें आस्था, भक्ति और समाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
जामरी ग्राम में सिन्हा कलार समाज की जनसंख्या बड़ी संख्या में निवासरत है, जिसके कारण यह आयोजन समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। समाज प्रमुख श्री चन्द्रेश सिन्हा के नेतृत्व में इस आयोजन की तैयारी कई दिनों से चल रही है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः कलश यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें महिलाएँ पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर पूरे ग्राम में भ्रमण करेंगी। तत्पश्चात राउत नाचा, शोभा यात्रा एवं भजन-कीर्तन के साथ पूरा गाँव भक्तिमय वातावरण से गूंज उठेगा। समाज के वरिष्ठजन एवं युवा सदस्य एकजुट होकर इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
इस जयंती का उद्देश्य समाज में भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश देना है। आयोजन के दौरान भगवान सहस्त्रबाहू और माता बहादुर कलारिन की पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण एवं सामूहिक भोज का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामवासी और समाज के सभी सदस्य भाग लेंगे।
सिन्हा कलार समाज के मीडिया प्रभारी श्री गोवर्धन सिन्हा (राजनांदगांव) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन समाज की परंपरा, गौरव और सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस बार भी जयंती पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी, ग्रामवासी एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान सहस्त्रबाहू एवं माता बहादुर कलारिन माता से सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना करेंगे।
— रिपोर्ट : गोवर्धन सिन्हा, मीडिया प्रभारी, छत्तीसगढ़ सिन्हा कलार समाज, राजनांदगांव





