February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

देव दीपावली पर माँ सर्वमंगला घाट में कल होगा भव्य हसदेव महाआरती एवं दीपोत्सव

 

संत श्री राम बालक दास महात्यागी जी के सानिध्य में होगा आयोजन, 108 मीटर चुनरी महोत्सव, सहस्त्रधारा, दुग्धाभिषेक और दीपों से आलोकित होगा संपूर्ण घाट

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  देव दीपावली के पावन अवसर पर माँ सर्वमंगला घाट, कोरबा में नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति कल 5 नवम्बर 2025 को भव्य आयोजन के साथ संपन्न होगी। इस अवसर पर हसदेव महाआरती, सहस्त्रधारा, चुनरी महोत्सव, दीपोत्सव, नौकाविहार एवं दुग्धाभिषेक जैसे विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

 

पाटेश्वर धाम, बालोद (छत्तीसगढ़) के संत श्री राम बालक दास महात्यागी जी (कौशल्या धाम) के पावन सानिध्य में आयोजित यह अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का संगम बनेगा। पिछले चार दिनों से माँ हसदेव तट भक्ति की अलौकिक छटा से सराबोर है, जहां प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक यजमानों द्वारा वैदिक विधि से हवन, वेदी पूजन एवं परिक्रमा संपन्न की जा रही है।

समिति द्वारा देव दीपावली के आयोजन की सभी तैयारियाँ युद्धस्तर पर की जा रही हैं। कल प्रातः 9 बजे से हवन की पूर्णाहुति एवं सहस्त्रधारा का आयोजन होगा, जिसके पश्चात सायं 5:30 बजे से दीपोत्सव प्रारंभ होगा। इस अवसर पर हसदेव घाट हजारों दीपों की रौशनी से जगमगा उठेगा और माँ हसदेव की आराधना में समर्पित श्रद्धालु दीपदान कर पुण्यलाभ अर्जित करेंगे।

सायं 6 बजे से 108 मीटर चुनरी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तजन माँ हसदेव को 108 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करेंगे। इसके बाद नौका विहार कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान श्री लक्ष्मीनारायण की जीवंत झांकी प्रदर्शित की जाएगी। भगवान राम और लक्ष्मण के वेश में सजे बालक नौका पर सवार होकर नदी मार्ग से घाट तक आगमन करेंगे, जिससे पूरा वातावरण धार्मिक उत्साह और भक्ति से परिपूर्ण हो जाएगा।

इसके पश्चात भगवान श्री लक्ष्मीनारायण का 108 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान 108 ब्राह्मणों द्वारा ब्रह्मनाद और शंखनाद के स्वर गूंजेंगे। तत्पश्चात 11 वैदिक पुरोहितों के द्वारा समान वेशभूषा में भव्य महाआरती संपन्न की जाएगी। घाट पर आकर्षक रंगोली सजावट, भव्य आतिशबाजी, लाइट शो और डीजे साउंड से पूरा वातावरण श्रद्धा और उल्लास से आलोकित होगा।

 

 

आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में श्री जुड़ावन सिंह ठाकुर (उपाध्यक्ष, विद्या भारती, मध्य क्षेत्र) एवं विशिष्ट यजमानों के रूप में श्री गोपाल मोदी (जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, कोरबा), श्रीमती संजू देवी राजपूत (महापौर, नगर पालिक निगम, कोरबा), श्री फूल सिंह राठिया (विधायक, रामपुर विधानसभा), श्री बसंत अग्रवाल (समाजसेवी, रायपुर), श्री शुभम कुमार नाग (प्रदेश संयोजक, विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल छत्तीसगढ़), श्रीमती ज्योति पाण्डेय (शिवशक्ति माँ भवानी मंदिर, कोरबा), डॉ. अन्नपूर्णा बोर्डे (अध्यक्ष, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, कोरबा), श्री योगेश जैन (अध्यक्ष, जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, कोरबा), श्री संतोष दास महंत (जिलाध्यक्ष, संयुक्त मानिकपुरी पानिका समाज, कोरबा) एवं श्री नमन पाण्डेय (माँ सर्वमंगला मंदिर, कोरबा) सम्मिलित होंगे।

इस अवसर पर नमामि हसदेव सेवा समिति ने कोरबा वासियों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित माँ हसदेव की आराधना में सहभागी बनें, दीपदान करें और इस देव दीपावली पर्व को भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति के रंगों से मनाएँ।

आयोजक – नमामि हसदेव सेवा समिति, कोरबा
स्थान – माँ सर्वमंगला घाट, कोरबा (छत्तीसगढ़)
दिनांक – 5 नवम्बर 2025, समय – सायं 5 बजे से

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.