बालको ने ‘सुरक्षा प्रथम’ नीति के तहत कर्मचारियों और परिवहन भागीदारों के लिए चलाए विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण अभियान




बालकोनगर, 19 मई, 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ वेदांता समूह की इकाई भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल की है। कंपनी ने हाल ही में तीन विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया, जो न केवल कर्मचारियों बल्कि परिवहन भागीदारों के लिए भी बेहद लाभकारी सिद्ध हुए।
सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र:
बालको ने संयंत्र परिसर में कार्यरत कोयला एवं ऐश परिवहन से जुड़े 50 से अधिक ट्रांसपोर्ट भागीदारों के लिए एक सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। इस सत्र का उद्देश्य सड़क सुरक्षा से जुड़ी मूलभूत जानकारियों को साझा करना और परिवहनकर्ताओं को सुरक्षित ड्राइविंग प्रथाओं को अपनाने हेतु प्रेरित करना था। प्रतिभागियों को ट्रैफिक नियमों, संयंत्र गेट नियमों, और आकस्मिक परिस्थितियों में सतर्कता बरतने के तरीके समझाए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई ड्राइवरों को सत्र के अंत में सम्मानित भी किया गया, जिससे उनमें सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्तरदायित्व की भावना को बल मिला।

आईएसओ 39001 के अंतर्गत रोड ट्रैफिक सेफ्टी ट्रेनिंग:
बालको ने रोड ट्रैफिक सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (RTS) के तहत आईएसओ 39001 की दिशा में कदम बढ़ाते हुए चार दिवसीय विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया। इस प्रशिक्षण में कर्मचारियों को इंटरऐक्टिव सत्रों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं जैसे—जोखिम की पहचान, कानूनी अनुपालन, रोकथाम के उपाय और व्यवहार परिवर्तन—पर केंद्रित जानकारी दी गई। यह प्रशिक्षण कंपनी के उस उद्देश्य को मजबूत करता है, जिसमें हर परिवहन गतिविधि में उच्चतम स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इंसिडेंट इन्वेस्टिगेशन ट्रेनिंग:
कार्यस्थल पर संभावित घटनाओं की जांच और निवारण के लिए बालको ने दो दिवसीय ‘इंसिडेंट इन्वेस्टिगेशन ट्रेनिंग’ का आयोजन किया, जिसमें 90 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण घटनाओं के मूल कारणों की पहचान, जांच के वैज्ञानिक तरीकों, दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया और निवारक उपायों के निर्माण पर केंद्रित था। इस पहल ने न केवल प्रतिभागियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उन्हें व्यावहारिक और विश्लेषणात्मक सोच से जोखिमों का समाधान निकालने में भी सक्षम बनाया।
बालको की ‘सुरक्षा प्रथम’ प्रतिबद्धता:
इन सभी पहलों से यह स्पष्ट होता है कि बालको अपने कार्यस्थल को सुरक्षित, उत्तरदायी और सतत विकासोन्मुखी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कंपनी की ‘सुरक्षा प्रथम’ नीति केवल एक सिद्धांत नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रक्रिया है, जो कर्मचारियों, साझेदारों और समूचे संगठन की सुरक्षा संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
ये प्रशिक्षण सत्र केवल ज्ञानवर्धन नहीं, बल्कि बालको के समर्पण और संवेदनशीलता का प्रतीक हैं, जो यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कार्यस्थल, हर गाड़ी, और हर कर्मी सुरक्षित रह सके।


