कोरबी-चोटिया क्षेत्र में दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप्प, 70 से अधिक गांवों में हाहाकार, जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर उपभोक्ताओं में आक्रोश




कोरबा, 19 मई 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में बिजली संकट गहराता जा रहा है। कोरबी और चोटिया क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 70 से अधिक ग्रामों में पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बगैर बिजली के जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश पनपने लगा है, वहीं बिजली विभाग के उच्च अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन हैं।
17 मई को क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया था, जिसके चलते कोरबी एवं सिरमिना फीडर में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण पूरा इलाका अंधकारमय हो गया है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, अब तक बिजली बहाल करने कोई प्रयास नहीं किया गया है, जिससे जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
ग्रामीणों की समस्याएं:
- लगातार 24 घंटे से अधिक समय से बिजली ठप होने के कारण शुद्ध पेयजल की भारी समस्या खड़ी हो गई है।
- भीषण गर्मी में पंखे, कूलर, फ्रिज आदि उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
- मोबाइल चार्ज नहीं होने से न तो संपर्क हो पा रहा है और न ही किसी से शिकायत दर्ज कराना संभव हो रहा है।
उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग और प्रशासन से सवाल किए हैं कि आखिर ऐसे हालात में राहत पहुंचाने के लिए अब तक कोई पहल क्यों नहीं की गई। लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या ग्रामीणों की समस्याएं सिर्फ चुनावों तक ही सीमित रह गई हैं?
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और इसका जवाब जिम्मेदारों से मांगेंगे।
ग्रामीणों की इस पीड़ा और उपेक्षा ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या वनांचल क्षेत्र के नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए यूं ही तरसते रहेंगे?
अब देखना यह होगा कि विद्युत विभाग और प्रशासन इस गंभीर संकट को कितनी जल्दी हल करता है, या फिर जनआक्रोश आंदोलन का रूप लेगा।


