March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“खरीफ सीजन की तैयारी तेज: कलेक्टर ने खाद-बीज भंडारण, बीमा और प्राकृतिक खेती को लेकर दिए निर्देश”

खरीफ सीजन की तैयारी तेज: कलेक्टर अजीत वसंत ने विभागीय समीक्षा बैठक में दिए दिशा-निर्देश
खाद-बीज का समय पर वितरण, प्राकृतिक खेती, फसल बीमा और किसान कल्याण पर रहा विशेष फोकस

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/   कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित संबंधित लाइन डिपार्टमेंट्स की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी खरीफ सीजन 2025 की तैयारी, किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा रहा।

खाद-बीज वितरण में तेजी और गुणवत्ता पर जोर:
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी सहकारी समितियों में शिविर दिवस से पहले ही पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का भंडारण कर लिया जाए, ताकि किसानों को वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो। साथ ही 40% अग्रिम उठाव की प्रक्रिया को तत्काल पूरा करने को कहा। कृषि आदान गुणवत्ता नियंत्रण के अंतर्गत लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला भेजने के भी निर्देश दिए गए।

बेहतर बीज और ऊंचे भूभाग में वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा:
उन्होंने जीबी किस्मों (10 वर्षों के भीतर विकसित) के बीजों को बढ़ावा देने के लिए प्रचार-प्रसार करने और उपयुक्त किसानों के चयन के साथ बीज उत्पादन कार्यक्रम को प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही, धान की तुलना में ऊंचे भूभागों में दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने की रणनीति बनाने के निर्देश भी दिए गए।

किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा योजना पर विशेष बल:
कलेक्टर ने कहा कि नए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाकर सभी पात्र किसानों को जोड़ें। केवल धान ही नहीं, अन्य फसलों के लिए भी ऋण स्वीकृत किया जाए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पिछले वर्ष वंचित किसानों को पुनः शामिल कर बीमा कवरेज का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

पीएम किसान योजना और डिजिटल सत्यापन कार्यों की प्रगति पर नजर:
श्री वसंत ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग, भौतिक सत्यापन, वन अधिकार पट्टा और पीवीटीजी कार्यों को शीघ्रता से पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

प्राकृतिक खेती और ऑयल मिशन को लेकर विशेष निर्देश:
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु कटघोरा, पाली और पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायतों में किसानों के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए। ‘नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल’ के अंतर्गत कोरबा एवं करतला ब्लॉक में मूंगफली की खेती के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा बीज उत्पादन में जिले को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करने की बात कही गई।

अन्य विभागीय योजनाओं की भी हुई समीक्षा:
बैठक में उद्यानिकी विभाग द्वारा ऑयल पाम रोपण, पशुधन विभाग के अंतर्गत दुग्ध सहकारी समितियों के गठन और पंजीयन, मोबाइल वेटनरी यूनिट की सेवाएं तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा एक्वापार्क स्थापना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर का सख्त संदेश:
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मुख्यालय में उपस्थित रहें। आकस्मिक निरीक्षण किए जाएंगे और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित:
बैठक में कृषि, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध और परिणामोन्मुखी कार्यों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस समीक्षा बैठक में खरीफ सीजन की व्यापक तैयारी, योजनाओं की समयबद्ध क्रियान्वयन और किसानों की बेहतरी को प्राथमिकता दी गई। प्रशासन की यह सक्रियता जिले में कृषि उत्पादन, प्राकृतिक खेती और किसानों की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक प्रभाव डालेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.