March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ऑपरेशन सिंदूर’ से भारत ने रचा पराक्रम का इतिहास, आतंक पर जीरो टॉलरेंस की नीति स्पष्ट: भाजपा

पीएम मोदी के उद्बोधन ने राष्ट्र को दी दृढ़ता की भावना, दुश्मनों को दिया करारा जवाब: किरण देव

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नाम दिए गए संदेश को ऐतिहासिक, निर्णायक और आश्वस्तिदायक बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि अब कोई भी आतंकी हरकत बिना करारा जवाब दिए नहीं छोड़ी जाएगी।ऑपरेशन सिंदूर’ के ज़रिए भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि नया भारत अब घर में घुसकर मारने की नीति पर काम करता है।

श्री देव ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों — बहावलपुर, मुरीदके, गुलपुर, भिंबर, चाक अमरू, बाग, कोटली, सियालकोट और मुजफ्फराबाद — को लक्षित कर करीब 100 आतंकियों को ढेर किया। यह ऑपरेशन न केवल सामरिक दृष्टि से सफल रहा, बल्कि यह भारत की रणनीतिक क्षमता, आत्मविश्वास और वैश्विक संदेश का प्रतीक बन गया।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी सरगना मसूद अजहर का यह कथन कि “काश मैं भी मर जाता”, यह दर्शाता है कि भारत ने अपने दुश्मनों के मनोबल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब भारत आतंक और आतंकियों के बीच कोई फर्क नहीं करता।

श्री देव ने प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि सिंधु जल समझौते को रद्द करना, सीमा पर आवाजाही और व्यापार को पूर्णतः बंद करना, और पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करना — ये सभी कदम स्पष्ट करते हैं कि भारत अब किसी भी सीमा तक जाने को तैयार है यदि राष्ट्रीय सुरक्षा की बात हो।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने 90 मिनट तक लगातार प्रमुख पाकिस्तानी एयरबेस पर लक्ष्य साधे हमले किए, जिससे पाक वायुसेना की रणनीतिक क्षमता को गहरी क्षति पहुँची। एयरबेस, प्रशिक्षण केंद्र, मिसाइल भंडारण और चेतावनी प्रणालियों को निशाना बना कर पाकिस्तान की प्रतिउत्तर देने की क्षमता को पंगु कर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि पाकिस्तान की युद्ध क्षमता को संरचनात्मक रूप से ध्वस्त करने की एक संगठित रणनीति थी। उन्होंने कहा, “अब पहल भारत के हाथ में है, और अगर कोई उकसावे की कोशिश करता है तो उसे उसकी विनाशकारी कीमत चुकानी होगी।”

श्री देव ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी का उद्बोधन उन सभी भीतरी और बाहरी विरोधियों के दुष्प्रचार को समाप्त करता है जो देश की एकता और संप्रभुता को नुकसान पहुँचाना चाहते थे। “देश आश्वस्त है कि जब तक नरेंद्र मोदी जी के हाथ में राष्ट्र की बागडोर है, भारत पूरी तरह सुरक्षित है,” उन्होंने दोहराया।

भाजपा ने इसे एक नई रणनीतिक परिभाषा वाला ऐतिहासिक क्षण करार देते हुए कहा कि यह संदेश अब केवल पाकिस्तान तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की घोषणा है।


More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.