March 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ में 9वां स्थान पाने वाली रमशिला नाग को विधायक ने स्कूल पहुंचकर दी शुभकामनाएं, दंतेवाड़ा की बेटी ने रचा गौरव का इतिहास

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल दंतेवाड़ा ****/       छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में छू लो आसमान कन्या आवासीय विद्यालय, कारली की छात्रा रमशिला नाग ने 97.83% अंक अर्जित कर प्रदेश में नवां स्थान प्राप्त किया है। यह न केवल रमशिला के लिए, बल्कि पूरे दंतेवाड़ा जिले के लिए गर्व का क्षण है।

रमशिला की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने स्वयं दंतेवाड़ा विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता चैतराम अटामी स्कूल पहुंचे और छात्रा से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक अटामी ने छात्रा को मिठाई खिलाई, पुष्पगुच्छ भेंट कर आशीर्वाद दिया और उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, “रमशिला की सफलता यह साबित करती है कि समर्पण, मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। दंतेवाड़ा जैसे दूरस्थ अंचल से इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना पूरे जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”

विधायक ने विद्यालय की शिक्षिकाओं और स्टाफ की भी सराहना की और कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाती हैं। उन्होंने रमशिला के माता-पिता को भी बधाई दी और कहा कि उनके संस्कारों और सहयोग का ही परिणाम है कि बेटी ने यह मुकाम हासिल किया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं सहपाठियों ने भी रमशिला नाग को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। रमशिला ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, अपने माता-पिता और सतत अनुशासन को दिया। उन्होंने बताया कि वे हर दिन नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देती थीं।

छू लो आसमान विद्यालय, जो आदिवासी बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए स्थापित किया गया है, एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है। रमशिला नाग की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया कि समर्पित प्रयासों से कोई भी छात्रा किसी भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती है।

यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और दंतेवाड़ा जैसे क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में नवचेतना जागृत करेगी। विधायक चैतराम अटामी ने आश्वासन दिया कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा और शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए सरकार संकल्पित है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.