March 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“ऑपरेशन सिंदूर: मातृभूमि के मान और सेना की वीरता का ऐतिहासिक प्रतीक – छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरणसिंह देव”

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 7 मई 2025 – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात को अंजाम दिए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर गहरी संतोष और गौरव की भावना व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भारतीय सेना और समस्त देशवासियों को बधाई देते हुए इसे भारत की आतंकवाद के प्रति “ज़ीरो टॉलरेंस नीति” का सशक्त उदाहरण बताया।

श्री देव ने कहा कि पहलगाम की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस हमले के खिलाफ जनआक्रोश बुधवार सुबह एक संगठित राष्ट्र भाव में तब्दील हो गया जब सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंक के अड्डों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो वादा किया था, वह निभाया है और पूरा छत्तीसगढ़ उनके साथ खड़ा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि –
ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ हमारे दृढ़ संकल्प और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक है। सैनिकों का यह साहस देश की संप्रभुता की रक्षा करता है और हर भारतीय माँ की मांग में सिंदूर की गरिमा को बनाए रखता है। यही भारत की असली ताकत है।”

उन्होंने इस ऑपरेशन के नाम “सिंदूर” को महिलाओं के सम्मान और राष्ट्र की संस्कृति से जोड़ते हुए इसे विशेष रूप से “नारी शक्ति को नमन” बताया। यह नाम न केवल उन वीर शहीदों की वीरता का प्रतीक है, बल्कि उन माताओं, बहनों और पत्नियों के आत्मबल का भी परिचायक है, जिन्होंने अपने स्वजनों को देश की सेवा में समर्पित किया।

श्री देव ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकियों और पाकिस्तान को यह स्पष्ट संकेत दिया है कि भारत अब चुप बैठने वाला देश नहीं है। बदले की भावना और सुरक्षा की नीति में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”

उन्होंने ऑपरेशन को “जनता के विश्वास का सम्मान” बताया और कहा कि जिस प्रकार सेना ने त्वरित और निर्णायक कार्रवाई की, उसने देश को गर्व से भर दिया है।

प्रदेश भाजपा ने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस ऐतिहासिक सफलता के प्रतीक “ऑपरेशन सिंदूर” को राष्ट्रीय स्वाभिमान और एकता के पर्व के रूप में देखें और वीर जवानों को सम्मान देने के लिए एकजुट हों।

जय हिंद। वंदे मातरम्।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.