August 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कथक में चमकी कोरबा की विशिष्टा श्रीवास्तव, नागपुर की राष्ट्रीय नृत्य स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

1 min read

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 3 मई 2025कोरबा की नौ वर्षीय प्रतिभाशाली कथक नृत्यांगना विशिष्टा श्रीवास्तव ने नागपुर में आयोजित ऑल इंडिया कल्चरल नेशनल डांस फेस्टिवल “नृत्य संस्कृति 2025” में प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरबा और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 28 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागपुर में अखिल नटराजन अंतर-सांस्कृतिक संघ द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से लगभग 500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए विशिष्टा ने कथक नृत्य की विभिन्न विधाओं जैसे देवी वंदना, चक्कर, परन, भाव, तीन ताल के बोल तथा कृष्ण ठुमरी का बेहद आकर्षक एवं मनमोहक प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विशिष्टा कोरबा के निवासी विजय श्रीवास्तव और रितिका श्रीवास्तव की सुपुत्री हैं। वह कथक की शिक्षा सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना कुमारी प्रीती चंद्रा से ले रही हैं, जो इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से कथक गोल्ड मेडलिस्ट हैं और कई बार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर चुकी हैं।

कम उम्र में ही विशिष्टा गोवा, रायपुर, बिलासपुर जैसे विभिन्न मंचों पर भी प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विशिष्टा अपने माता-पिता और गुरु को देती हैं, जिन्होंने उन्हें हमेशा संस्कृति की गहराई समझाई और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विशिष्टा की यह सफलता न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। इतनी कम उम्र में भारतीय सांस्कृतिक धरोहर कथक को आत्मसात कर वह जिस तरह से मंच पर प्रस्तुत कर रही हैं, वह निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्पद है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.