March 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने राठौर समाज भवन विकास कार्यों का किया लोकार्पण, भवन तक पहुंच मार्ग हेतु 10 लाख की नई घोषणा

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। ****/ छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक श्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को क्षत्रिय राठौर समाज के डीडीएम रोड स्थित सामुदायिक भवन में आंतरिक विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में भवन में एयर कंडीशनिंग, शेड सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का समावेश किया गया है, जिसकी कुल लागत 11 लाख रुपए रही। यह राशि विधायक मद 2024-25 से स्वीकृत की गई थी।

मंत्री श्री देवांगन ने फीता काटकर लोकार्पण किया और सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार – केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के समन्वय से – कोरबा शहर में तेज़ी और गुणवत्ता के साथ विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने बताया कि समाजों द्वारा की गई मांगों को प्राथमिकता देते हुए कार्यों की स्वीकृति दी जा रही है। उन्होंने राठौर समाज भवन के विकास को सामुदायिक एकता का प्रतीक बताया और कहा कि इसका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिलेगा।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने भी कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाज को बधाई दी और मंत्री के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्रीमती उर्वशी राठौर, प्रभादेवी राठौर, कोसबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, सुजीत राठौर, ओपी राठौर समेत अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे।

कन्नौजिया राठौर समाज को भी मिला सौगात:
इसी दिन दादरखुर्द मैगज़ीन भाटा स्थित कन्नौजिया राठौर समाज के सामुदायिक भवन में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन में मंत्री श्री देवांगन शामिल हुए। यहां उन्होंने समाज भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण के लिए जिला खनिज न्यास मद से 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, और इसका कार्य तेज़ी से प्रगति पर है।

साथ ही उन्होंने समाज भवन तक पहुंच मार्ग निर्माण हेतु 10 लाख रुपए की नई घोषणा भी की, जिससे समाजजन में उत्साह का माहौल बना। इस अवसर पर समाज के केंद्रीय अध्यक्ष श्री कन्हैया लाल राठौर, सीताराम राठौर, चेतन राठौर, पार्षद तरुण राठौर, सुभाष राठौर समेत बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने मंत्री लखन लाल देवांगन का अभिनंदन किया और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.