श्री सप्तदेव मंदिर में संगीतमय मंगलपाठ की भव्य प्रस्तुति, बहनों की सहभागिता और शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। धार्मिक आस्था, भक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में, जहां बैसाख कृष्ण पक्ष अमावस्या के पावन अवसर पर मां श्री राणीसती दादी जी के सम्मान में भव्य संगीतमय मंगलपाठ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर दादी जी का आकर्षक श्रृंगार कर मंदिर को दिव्य रूप में सजाया गया। दोपहर 4:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कोरबा के प्रसिद्ध शुभम गोयल एंड पार्टी द्वारा श्री राणीसती दादी चरित मानस का भावपूर्ण संगीतमय मंगलपाठ प्रस्तुत किया गया। मधुर स्वर और भक्ति भाव से परिपूर्ण इस प्रस्तुति में उपस्थित मंगलपाठी बहनों की श्रद्धा देखते ही बनती थी। वे परंपरागत नथ, चूड़ा व चुनड़ी धारण कर मंगल गीतों पर झूम उठीं, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।

मंगलपाठ के समापन पर भगवान को 56 भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के पश्चात मंदिर प्रांगण में श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल समिति, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल समिति और छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की महिला सदस्याओं द्वारा पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए वीर जवानों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित जनसमूह ने इस अत्यंत निंदनीय कृत्य की कड़ी भर्त्सना करते हुए देशवासियों से सतर्क व जागरूक रहने की अपील भी की।
यह आयोजन धार्मिक भावना के साथ-साथ सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा, जिसमें श्रद्धालुओं ने गहरी आस्था के साथ भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।


