पशु कल्याण में बालको की अभिनव पहल: टाको के साथ तीन वर्षों में 5,000 से अधिक पशुओं को मिला लाभ




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बालकोनगर, 28 अप्रैल 2025। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको), वेदांता एल्यूमिनियम की एक प्रमुख इकाई, ने करुणा और सह-अस्तित्व की भावना को मजबूती प्रदान करते हुए पशु कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन की प्रमुख पहल द एनिमल केयर ऑर्गनाइजेशन (टाको) के साथ साझेदारी में बालको ने इस दिशा में तीन वर्ष पूरे किए हैं, जिसके अंतर्गत 5,000 से अधिक पशुओं को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण पर आधारित टाको आज एक राष्ट्रीय अभियान का रूप ले चुका है, जो आश्रय, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, आपदा राहत और संरक्षण जैसे छह प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित है। बालको ने कोरबा, छत्तीसगढ़ में इस अभियान को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया है।

बीते तीन वर्षों में, बालको ने जिला पशु चिकित्सा विभाग के साथ मिलकर 3,000 से अधिक रिफ्लेक्टिव कॉलर वितरित किए, जिससे सड़क दुर्घटनाएं कम हुईं। चार पशु चिकित्सा शिविरों के माध्यम से 2,500 से अधिक मवेशियों को कृमिनाशक, घाव उपचार और प्रजनन स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं, जिससे स्थानीय किसानों की आय में अप्रत्यक्ष सहयोग मिला।
इसके अतिरिक्त, आवारा कुत्तों के लिए टीकाकरण अभियान चलाया गया, जिसमें रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम हेतु 300 से अधिक कुत्तों का टीकाकरण किया गया। गर्मियों के दौरान वॉटर बाउल चैलेंज नामक पहल के तहत सार्वजनिक स्थानों पर जलपात्र रखे गए, जिसमें स्थानीय स्वयंसेवकों और बालको कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की चेयरपर्सन एवं वेदांता लिमिटेड की गैर-कार्यकारी निदेशक तथा टाको की संस्थापक, सुश्री प्रिया अग्रवाल हेब्बर ने इस प्रयास को एक उद्देश्यपूर्ण यात्रा बताते हुए कहा कि यह पहल जानवरों को भी सम्मान, सुरक्षा और करुणा देने के मूल सिद्धांत पर आधारित है।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक, श्री राजेश कुमार ने कहा, “टाको के साथ हमारी साझेदारी ने न केवल जानवरों की रक्षा की दिशा में योगदान दिया है, बल्कि कर्मचारियों और समुदायों के बीच सहानुभूति और जागरूकता को भी बढ़ावा दिया है।”
कर्मचारी स्वयंसेवक रामसहाय पटेल ने साझा किया कि “छोटे प्रयास जैसे पानी का कटोरा रखना या सड़क पार करते बछड़े की मदद करना भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।”
अप्रैल 2022 में स्थापित टाको, वेदांता लिमिटेड की एक अग्रणी पशु कल्याण पहल है, जो आवारा और सामुदायिक पशुओं के लिए बचाव, पुनर्वास, टीकाकरण, आपातकालीन सेवा और चिकित्सा सुविधा जैसे समग्र समाधान प्रदान करता है। बालको समेत वेदांता की सभी इकाइयां इस मिशन में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।


