March 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“कोरबा पुलिस का बड़ा अभियान: 1844 लोगों की जांच, 127 संदिग्धों पर कार्रवाई, किराएदारों और फेरीवालों का सत्यापन”

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा  ****/ — कोरबा जिले में “सजग कोरबा और सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों, फेरीवालों और किराएदारों की व्यापक जांच कर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 1844 व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई, जिनमें से 127 संदिग्ध व्यक्तियों (SS Roll) की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि 738 अन्य राज्य के मुसाफिरों का पंजीयन भी किया गया है।

अभियान का नेतृत्व:
इस विशेष कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर और यातायात एवं साइबर सेल प्रभारी रविंद्र कुमार मीना, नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का, पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक और कटघोरा एसडीओपी पंकज ठाकुर ने किया। अभियान में जिले भर के 156 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

मुख्य बिंदु:

  • कोरबा जिले के मोतीसागर पारा, अटल आवास राताखार, रामसागर पारा, पुरानी बस्ती, काशी नगर, केनदईखार, दर्री बस्ती, अयोध्यापुरी, अटल आवास जेंजारा, खुडरीगढ़ हनुमानगढ़ी क्षेत्र में घर-घर जाकर जांच अभियान चलाया गया।
  • फेरी करने वाले, सड़क किनारे सामान बेचने वाले तथा जड़ी-बूटी और गैस चूल्हा रिपेयर करने वालों की गतिविधियों और पहचान पत्रों की जांच की गई।
  • कई फेरीवालों द्वारा मुसाफिरी दर्ज न कराने पर सख्त फटकार लगाई गई और तत्काल उनकी एंट्री करवाई गई।
  • कुल 1844 व्यक्तियों की जांच के दौरान 127 संदिग्ध व्यक्तियों का SS रोल तैयार किया गया।
  • 738 मुसाफिर अन्य राज्यों (उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, उड़ीसा, वेस्ट बंगाल आदि) से और 466 अन्य जिलों से पाए गए।
  • पुलिस ने अन्य राज्यों के संबंधित थानों से भी संदिग्धों की जानकारी साझा कर पुष्टि की है।

किराएदार और मकान मालिक पर सख्ती:

  • अभियान के दौरान पुलिस ने किराएदारों का सत्यापन कर उनकी पहचान एवं कार्य का विस्तृत विवरण एकत्र किया।
  • मकान मालिकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किराएदार की जानकारी थाने में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
  • मकान मालिकों को यह भी निर्देशित किया गया कि किराये पर देने से पूर्व पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराना होगा।

पुलिस की अपील:
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन संबंधित थाने में कराना सुनिश्चित करें। सतर्कता से ही कोरबा को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इस व्यापक अभियान के लिए पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर ऐसे सत्यापन अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.