छत्तीसगढ़ निःशक्तजन निगम का नाम बदलकर हुआ “दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम”, मुख्यमंत्री ने दी सौगात



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा रायपुर ****/ राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आज एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ निःशक्तजन वित्त एवं विकास निगम का नाम बदलकर “छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम” करने की घोषणा की। इस अवसर पर निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया के पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने श्री कावड़िया को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए सरकार विशेष योजनाओं और प्रयासों को लगातार आगे बढ़ा रही है। श्री साय ने सुझाव दिया कि प्रदेश में दिव्यांग बच्चों का सर्वे कर उनके व्यवसाय, स्वरोजगार और स्टार्टअप्स के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
समारोह के दौरान, 15 दिव्यांग हितग्राहियों को ऋण वितरण किया गया और 11 हितग्राहियों को ऋण अदायगी पर ब्याज सब्सिडी प्रदान की गई। साथ ही, श्रवण बाधित दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों की खुशहाली के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दंतेवाड़ा प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदीजी का दिव्यांगजनों के प्रति विशेष स्नेह प्रेरणादायक है। डॉ. सिंह ने भरोसा जताया कि नए अध्यक्ष की नियुक्ति से दिव्यांग समुदाय को सीधा लाभ मिलेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए दिव्यांगजनों के आर्थिक और कौशल विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने भी श्री लोकेश कावड़िया को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को और भी यादगार बनाने के लिए शासकीय दिव्यांग स्कूल, माना के छात्र-छात्राओं ने सुंदर गीत प्रस्तुत किया, जबकि राजनांदगांव के दिव्यांग स्कूल के श्रवण बाधित छात्रों ने देशभक्ति नृत्य का मंचन कर सभी का दिल जीत लिया।
इस आयोजन में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, विधायकगण श्री राजेश मूणत, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम महापौर श्रीमती मीनल चौबे, विभिन्न मंडल आयोगों के अध्यक्ष, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में दिव्यांग छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

