बाबा साहब अम्बेडकर सम्मान समारोह को लेकर मनोज झा का जनसंपर्क अभियान, करतला मंडल के प्रमुख गांवों में किया दौरा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****/ छत्तीसगढ़ | संविधान निर्माता, सामाजिक न्याय के प्रतीक और करोड़ों भारतीयों के प्रेरणास्रोत भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की स्मृति में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 27 अप्रैल 2025 को कोरबा जिले में एक भव्य बाबा साहब अम्बेडकर सम्मान समारोह का आयोजन होने जा रहा है। यह समारोह न केवल बाबा साहब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज में संविधान को लेकर फैलाए जा रहे भ्रांतियों के प्रति भी जनजागरूकता का संदेश देगा।
इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष श्री मनोज झा ने गत दिनों करतला मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों का दौरा कर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति, जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के प्रमुख सामाजिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों से मुलाकात कर उन्हें इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया।

श्री मनोज झा ने कहा कि “बाबा साहब ने हमें जो संविधान और अधिकार दिए हैं, उनके सम्मान में आयोजित यह समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने का संकल्प है।” उन्होंने सभी से अपील की कि वे 27 अप्रैल को कोरबा में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में उपस्थित होकर इसे ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।

इस दौरे में उनके साथ मंडल अध्यक्ष करतला श्री रामकुमार गबेल, सभापति श्री सुरज नंदे, जनपद सदस्य वेद राम चंद्राकर, सरपंच संजु वैष्णव, विज्ञानी कँवर, कृपराम, धनीराम, फोटू लाल, मांघी राम, गणपत राम, सदराम, कौशल दिवाकर, हरेंद्र दिवाकर सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
गांवों में जगह-जगह लोगों ने इस जनसंपर्क अभियान का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और बाबा साहब के विचारों को आगे बढ़ाने के इस प्रयास की सराहना की।
इस आयोजन के माध्यम से बाबा साहब की विरासत को सम्मानपूर्वक स्मरण कर नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का एक मजबूत मंच तैयार किया जा रहा है।

