पं. विद्याधर शर्मा जी की पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ वृहद् निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, 306 रोगियों को मिला लाभ




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के संस्थापक सदस्य एवं शिव औषधालय के संस्थापक, स्वर्गीय परम पूज्य पंडित विद्याधर शर्मा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर दिनांक 19 अप्रैल 2025, शनिवार को एक वृहद् निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय (दुकान क्रमांक 10,11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा) में संपन्न हुआ।
शिविर की शुरुआत भगवान परशुराम, आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि, भारत माता तथा स्व. पं. विद्याधर शर्मा जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं षोडशोपचार पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके पश्चात शिविर का विधिवत उद्घाटन हुआ।
शिविर की प्रमुख गतिविधियाँ व सेवाएँ:
- दंत चिकित्सा: रायपुर से आए दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास अग्रवाल द्वारा 54 रोगियों की जांच की गई। विशेष रूप से 9 ऐसे रोगियों के दांत निकाले गए, जो ब्लड प्रेशर और शुगर के कारण लंबे समय से पीड़ित थे। बिना दर्द निवारक दवा के जालंधर बंध विधि से दांत निकालने की प्रक्रिया की गई, जिसे लेकर रोगियों ने आभार जताया।
- बीएमडी जांच: दिल्ली से आए तकनीशियन विजय द्वारा 108 लोगों की अस्थि खनिज घनत्व (Bone Mineral Density) जांच निशुल्क की गई।
- नेत्र परीक्षण: 81 रोगियों की आंखों की जांच कर चश्मे का नंबर कार्ड बनाकर ऑप्टिक पैलेस द्वारा प्रदान किया गया।
- मधुमेह जांच: 135 रोगियों की ब्लड शुगर की जांच निःशुल्क की गई।
- आयुर्वेदिक परामर्श: शिविर में नाड़ी परीक्षण, गुदरोग, स्त्रीरोग, वातरोग, श्वास रोग, चर्म रोग सहित अन्य आयुर्वेदिक शाखाओं के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 306 रोगियों को निशुल्क परामर्श व उपचार प्रदान किया।
- शीत सुधा शरबत वितरण: गर्मी से राहत देने हेतु विशेष ठंडा शरबत शिविर में निशुल्क पिलाया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति:
डॉ. विकास अग्रवाल (दंत रोग), नाड़ीवैद्य पं. शिव कुमार शर्मा, डॉ. आर. जी. साहू (गुदरोग-क्षारसूत्र), डॉ. प्रदीप देवांगन (सिकलिंग रोग), डॉ. नंदिनी तिवारी व डॉ. वागेश्वरी शर्मा (स्त्रीरोग), डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. स्वर्ण सिंह चंद्रा, डॉ. प्रदीप कश्यप, डॉ. युगेश नारायण शर्मा, डॉ. जितेंद्र नारायण शर्मा, डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा इत्यादि ने शिविर में सेवाएं दीं।
प्रेरणादायक संबोधन:
नाड़ीवैद्य पं. शिव कुमार शर्मा ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा, “आयुर्वेद जीवनशैली को अपनाकर ही हम जीवन में पूर्ण आनंद प्राप्त कर सकते हैं।” वहीं डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि “रोगों के उपचार में आयुर्वेद को प्राथमिकता दें, क्योंकि यही पद्धति हमें हित-अहित का बोध कराती है।”
सहयोग और सहभागिता:
शिविर में विशेष योगदान देने वालों में यज्ञाचार्य पं. सत्यम शर्मा, समिति अध्यक्ष बिमल जोशी, सचिव रवि शर्मा, कोषाध्यक्ष विजय शर्मा सहित समाजसेवी, लायंस क्लब के सदस्य, महानदी कॉम्प्लेक्स के व्यापारीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि सम्मिलित रहे। श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा का विशेष योगदान उल्लेखनीय रहा।
यह निशुल्क शिविर न केवल आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम बना, बल्कि अनेक रोगियों को राहत प्रदान कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई। आयोजन की सराहना करते हुए उपस्थितजन एवं लाभार्थियों ने आयोजकों व चिकित्सकों को साधुवाद प्रेषित किया।


