August 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

*प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान में 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया- किरण सिंह देव*

*अपनी विभाजनकारी, द्वेषपूर्ण राजनीति को बल देने और चुनावों में मिल रही हार से हताश कांग्रेस के नेताओं ने लोकतंत्र के मंदिर को भी नहीं छोड़ा*

*भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता बाबा साहेब के विचारों और सिद्धांतों का सम्मान करता है*

*बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न तब दिया गया, जब भाजपा की समर्थन वाली सरकार थी*

 त्रिनेत्र टाइम्स रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि बाबा साहेब की हमेशा सामाजिक और राजनितिक उपेक्षा करने वाले कांग्रेस के नेता आज वोट बैंक की खातिर बाबा साहेब के अपने होने का ढोंग कर रहे हैं। राजनीतिक अजेंडे को साधने के लिए कांग्रेस और उसका ‘टूलकिट गैंग’ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर समाज को बांटने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी विभाजनकारी, द्वेषपूर्ण राजनीति को बल देने और चुनावों में मिल रही हार से हताश कांग्रेस के नेताओं ने लोकतंत्र के मंदिर को भी नहीं छोड़ा और उसको भी अपनी साजिश का केंद्र बना दिया, राहुल गाँधी और उनके नेताओं के द्वारा किया गया ये कृत निंदनीय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि राज्यसभा में गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के पूरे बयान में से एक छोटे ‘एडिटेड वीडियो’ को पेश किया गया, ये साजिश नहीं तो क्या है? कांग्रेस और उसके टूल किट गैंग ने पहले आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के बयानों के एडिट वीडियों का प्रचार किया, फिर लोकसभा चुनाव में श्री अमित शाह जी के बयान को AI का उपयोग कर एडिट किया। चुनावों में मिली हार से कांग्रेस इतनी बौखला गई है कि वो जनता के बीच उन्माद पैदा कर राजनितिक लाभ लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान को समावेशी बनाने में, देश के पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी और वंचितों को न्याय दिलाने के लिए तथा देश के लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में बाबा साहब का बहुत बड़ा योगदान है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता बाबा साहेब के विचारों और सिद्धांतों का सम्मान करता है।जिन्होंने जीवन भर बाबा साहब का अपमान किया, बाबा साहब के सिद्धांतों को दरकिनार किया, जब तक सत्ता में रहे तब तक बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया और आरक्षण के सिद्धांतों की धज्जियां उड़ाईं, वो लोग आज बाबा साहब के नाम पर भ्रांति फैलाना चाहते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर को 1952 के लोकसभा चुनाव और 1954 के चुनाव में हराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस पार्टी द्वारा विशेष प्रयास कर उनकी हार सुनिश्चित किया गया। कांग्रेस के नेताओं ने कई बार खुद अपने आप को भारत रत्न दिया, लेकिन बाबा साहब अंबेडकर को इस सम्मान से भी अछूता रखा। बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न तब दिया गया, जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में नहीं थी और भारतीय जनता पार्टी के समर्थन वाली सरकार थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि यूपीए-2 शासन के दौरान 2012 में एनसीईआरटी की किताब के एक शर्मनाक चित्र में पंडित नेहरू को बाबा साहेब अंबेडकर को ‘कोड़े मारते’ हुए दिखाया गया था। बाबा साहेब के सम्मान की बात करने वाले राहुल गाँधी इस अपमान पर चुप क्यों हैं, ये बस घड़ियाली आसूं बहा कर जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं, ये एक फ्लॉप पोलिटिकल ड्रामा है, उस ज्यादा कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब के सिद्धांतों को कुचला है, आपातकाल लगाकर संविधान के मूल्यों की धज्जियां उड़ाईं, नारी सशक्तिरण को नजरअंदाज किया, न्यायपालिका का अपमान किया। संस्कृत में एक श्लोक है “कुसंगात् कृतमप्यशुद्धं” अर्थात “कुसंगति से किया गया कार्य भी अशुद्ध होता है।” यह खड़गे जी जैसे वरिष्ठ नेता को समझना चाहिए, क्योंकि जिसकी संगति में वो आज कल हैं, वो कई नेताओं के राजनैतिक करियर पर ग्रहण लगा चुका है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंबेडकर जी विरोधी, आरक्षण विरोधी और संविधान विरोधी पार्टी है, जबकि भाजपा ने बाबा साहब अंबेडकर की नीतियों का क्रियांवन, उनके उद्देश्यों का संरक्षण और संविधान का संवर्धन करने का कार्य किया है। कांग्रेस ने जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, संजय गांधी, राजीव गांधी के नाम पर देशभर में लाखों स्मारक बनवाए, लेकिन बाबा साहेब अंबेडकर का स्मारक बनाने के लिए कोई प्रयास तक नहीं किया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार में बाबा साहेब के जीवन के संबंधित पांच तीर्थ का विकास किया, मध्यप्रदेश में मऊ, लंदन में स्मारक (जहाँ बाबा साहेब पढ़ते थे), नागपुर में दीक्षाभूमि, दिल्ली में महापरिनिर्वाण स्थान और महाराष्ट्र के मुंबई में स्थित चैत्य भूमि का विकास किया। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर 2015 को आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान में 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया, इसके साथ ही डॉक्टर अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर की स्थापना की। 2018 में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने महापरिनिर्वाण स्थल पर डॉक्टर अंबेडकर स्मारक का उद्घाटन किया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.