28 नंद घरों में पोषण की अलख, 1,500 से अधिक बच्चों और माताओं तक पहुंचा बालको का अभियान
1 min read
संतुलित आहार, स्वस्थ बचपन और बेहतर भविष्य का संदेश लेकर संपन्न हुआ पोषण माह 2026; जागरूकता सत्रों से लेकर पौष्टिक व्यंजनों के प्रदर्शन तक, समुदाय की भागीदारी पर रहा विशेष जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// बालकोनगर, कोरबा। बच्चों का बेहतर पोषण ही स्वस्थ समाज और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इसी उद्देश्य के साथ भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने पोषण माह 2026 के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर बाल पोषण, संतुलित आहार और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया। महीने भर चले इस अभियान का समापन विभिन्न जागरूकता गतिविधियों और सामुदायिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। बालको की ‘आरोग्य’ परियोजना और ‘नंद घर’ पहल के अंतर्गत आयोजित इस अभियान के माध्यम से 28 नंद घरों में 1,500 से अधिक बच्चों, माताओं और उनकी देखभाल करने वालों तक पहुंच बनाई गई।
भारत सरकार के पोषण अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप आयोजित इस पहल में परिवारों को समझाया गया कि बच्चों के शारीरिक विकास, सीखने की क्षमता, रोगों से बचाव और समग्र स्वास्थ्य में पौष्टिक भोजन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल पोषण के प्रति जानकारी देना ही नहीं, बल्कि परिवारों को ऐसी व्यावहारिक आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना भी रहा, जिन्हें वे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकें।
संतुलित आहार से स्वस्थ बचपन की ओर बढ़े कदम
पोषण माह के दौरान माताओं और बच्चों की देखभाल करने वालों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इनमें बच्चों के वजन और विकास की जांच, संतुलित आहार की आवश्यकता तथा खानपान की सही आदतों पर चर्चा की गई। अभिभावकों को बताया गया कि बच्चों की उम्र और जरूरत के अनुरूप विविधतापूर्ण भोजन देना उनके समुचित विकास के लिए आवश्यक है। इन गतिविधियों के माध्यम से परिवारों को बच्चों के पोषण पर नियमित ध्यान देने और समय-समय पर उनके विकास की निगरानी करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अभियान की खास बात यह रही कि पोषण संबंधी जानकारी को घरेलू जीवन से जोड़कर प्रस्तुत किया गया। स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने का प्रदर्शन किया गया, ताकि परिवार कम जटिल तरीकों से अपने बच्चों के भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाने के उपाय समझ सकें।

मोटे अनाज, दाल और मौसमी सब्जियों के महत्व पर जोर
अभियान के अंतर्गत ताजा और गर्म पका हुआ भोजन तैयार करने के प्रदर्शन के साथ पोषण बाड़ी को भी बढ़ावा दिया गया। मोटे अनाज, दालों और मौसमी सब्जियों के पोषण संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए घरों में उपलब्ध स्थानीय उपज के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पोषण बाड़ी की अवधारणा के माध्यम से परिवारों को घर में सब्जियां उगाने और ताजी उपज को दैनिक भोजन में शामिल करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान सामुदायिक बैठकों में अभिभावकों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई। इसका उद्देश्य पोषण को केवल किसी एक परिवार की जिम्मेदारी तक सीमित न रखते हुए पूरे समुदाय के साझा प्रयास के रूप में आगे बढ़ाना था।
‘बच्चों का पोषण हमारी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक’
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी की स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाएं विभिन्न आयु वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाती हैं और बच्चों का पोषण इनमें प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पोषण माह जैसी पहल के माध्यम से समुदाय के साथ मिलकर पोषण और बचाव आधारित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने अभियान के दौरान 1,500 से अधिक अभिभावकों और स्वास्थ्य से जुड़े लोगों तक पहुंच को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए समुदाय के विश्वास और भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जताई।
महिलाओं ने साझा किए अनुभव, घर में पौष्टिक भोजन तैयार करने की मिली जानकारी
सतनाम नगर की श्रीमती चंद्रकांता महिलाने ने कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को उपयोगी बताते हुए कहा कि सत्र के माध्यम से उन्हें घर में आसानी से उपलब्ध सामग्री से बच्चों के लिए संतुलित और पौष्टिक भोजन तैयार करने के व्यावहारिक तरीके सीखने को मिले। उन्होंने बताया कि बच्चों के खानपान, पाचन और समग्र स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियां सरल भाषा में समझाई गईं, जिन्हें परिवार अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में अपना सकते हैं।
उनके अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम अभिभावकों को बच्चों की बेहतर देखभाल करने और पोषण के प्रति अधिक जागरूक बनने में मददगार साबित होते हैं।
सामुदायिक सहभागिता के साथ हुआ पोषण माह का समापन
महीने भर चले अभियान का समापन क्लस्टर स्तर पर आयोजित पोषण माह समारोह के साथ हुआ। इस दौरान पोषण विषयक प्रतियोगिताओं और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूकता अभियान से जोड़ा गया। कार्यक्रम ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा स्वस्थ और सशक्त समुदाय के निर्माण में सामूहिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया।
बालको की इस पहल के माध्यम से यह संदेश सामने आया कि बच्चों का बेहतर पोषण केवल भोजन तक सीमित विषय नहीं, बल्कि जागरूकता, सही खानपान, नियमित देखभाल और समुदाय के सहयोग से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है। 28 नंद घरों के माध्यम से 1,500 से अधिक लोगों तक पहुंचा यह अभियान परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक बनाने और स्वस्थ बचपन की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का माध्यम बना।
