जवाली की ग्राम सभा में खेती, गिरदावरी और पंचायत व्यवस्था पर हुई गहन चर्चा, किसानों को फसल सुरक्षा के बताए उपाय
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//**// जवाली महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत जवाली में ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने गांव से जुड़े कृषि, राजस्व, पंचायत एवं मनरेगा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
ग्राम सभा में कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने किसानों को धान की फसल में पीलापन, माहू, चितरी, बंकी एवं झुलसा जैसे रोग-कीटों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। किसानों को फसल की स्थिति के अनुसार स्ट्रेप्टोमाइसिन एवं अनुशंसित कीटनाशकों के उपयोग के साथ यूरिया, पोटाश तथा अन्य उर्वरकों के संतुलित प्रयोग की सलाह दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि शासकीय स्तर पर कीटनाशक दवाइयों के वितरण का प्रावधान नहीं है।
किसानों तक कृषि संबंधी जानकारी समय पर पहुंचाने में कृषि मित्र, कृषि सखी एवं पशु सखी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इनके साथ बेहतर समन्वय और निगरानी बनाए रखने की बात कही गई। ग्राम सभा में धान बिक्री पंजीयन, पंजीयन में संशोधन, वारिसान एवं अन्य आवश्यक सुधार तथा दलहन फसलों के पंजीयन से संबंधित प्रक्रियाओं की भी जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

राजस्व विभाग के पटवारी ने भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण, गिरदावरी प्रक्रिया तथा भुईयां, एग्रीस्टैक एवं समिति मॉड्यूल से संबंधित जानकारी साझा की। बताया गया कि इस वर्ष गिरदावरी का कार्य 10 अक्टूबर तक किया जाना है, जिसके लिए सेटेलाइट सर्वेयर के माध्यम से कार्य किया जा रहा है।
सचिव की अस्वस्थता से पंचायत कार्यों की जानकारी प्रभावित
ग्राम सभा में पंचायत की कार्यप्रणाली से जुड़ी एक पुरानी समस्या भी सामने आई। ग्राम पंचायत सचिव के अस्वस्थ होने के कारण पंचायत संबंधी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने में कठिनाई की बात ग्रामीणों के समक्ष रखी गई। वहीं रोजगार सहायक एवं स्थायी सचिव के अभाव के कारण मनरेगा सहित ग्राम पंचायत के विभिन्न कार्यों के प्रभावित होने का विषय भी चर्चा में आया।
ग्राम सभा में पंचों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, जय बिहान की सक्रिय महिलाएं, कुछ मितानिन तथा अन्य प्रमुख ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आगामी माह आयोजित होने वाली ग्राम सभा में पंचायत के आय-व्यय से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई। ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहभागिता रही और गांव की समस्याओं एवं विकास से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ।







