September 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ को ईएलसी प्रशिक्षण, युवा और महिला मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//  कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र में मतदाता जागरूकता अभियान को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इसी क्रम में 30 सितंबर 2026 को पाली एवं पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पाली विकासखंड का प्रशिक्षण जनपद पंचायत पाली के सभाकक्ष तथा पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड का प्रशिक्षण स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, पोड़ीउपरोड़ा में संपन्न हुआ।

 

 

पोड़ीउपरोड़ा में आयोजित प्रशिक्षण में 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनोज कुमार बंजारे तथा सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्र स्तर पर ईएलसी के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने बीएलओ को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्वीप कार्ययोजना के तहत सुव्यवस्थित एवं प्रभावी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्रों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब का गठन कर नोडल अधिकारी के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने प्रशिक्षण में मतदाता जागरूकता के व्यापक दायरे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बीएलओ से कहा कि मतदान केंद्र के अंतर्गत आने वाले 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को भावी मतदाता, 18 से 25 वर्ष के नए युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं सहित प्रत्येक वर्ग को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने के लिए निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।
उन्होंने कहा कि ईएलसी केवल जागरूकता का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं और नागरिकों को भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण एवं उपलब्ध मतदाता सेवाओं की जानकारी देने का प्रभावी मंच है। बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर ईएलसी के माध्यम से संवाद, जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर मतदाताओं को उनके अधिकारों एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करें।
प्रशिक्षण में मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, मतदाता सेवाओं तथा चुनावी साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे मतदान केंद्र स्तर पर नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ें, ताकि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार भूषण मंडावी, नायब तहसीलदार राशिका अग्रवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली कुमदेश गोभिल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पोड़ीउपरोड़ा के. राजेश्वर दयाल, विधानसभा ईएलसी प्रभारी डॉ. टी.आर. कश्यप, पाली कॉलेज स्वीप नोडल अधिकारी रीता पटेल, मास्टर ट्रेनर्स फरेम कुमार डहरिया, रामचरण साहू, कामता प्रसाद जायसवाल, दिनेश कुमार यादव, महावीर प्रसाद चन्द्रा, भूपेंद्र सिंह कंवर सहित अनुविभागीय निर्वाचन कार्यालय पोड़ीउपरोड़ा के कर्मचारी मनोहर सोरथे एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली की कर्मचारी अश्विनी किरण उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण में 23 पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के पाली एवं पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के बूथ लेवल अधिकारियों ने भाग लिया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.