वडनगर से वाराणसी तक सेवा का सफर, कोरबा में गूंजेगा संकल्प का संदेश
1 min read



01 और 02 अक्टूबर को दो रूटों से पहुंचेगी बाइक यात्रा, भैसमा-जटगा से लेकर कटघोरा और केंदई तक होंगे सेवा एवं स्वागत कार्यक्रम
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा-संकल्प की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत ‘वडनगर से वाराणसी बाइक यात्रा’ कोरबा जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा के रूट क्रमांक 08 और रूट क्रमांक 06 के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा, सम्मान, वृक्षारोपण और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दो दिनों तक चलने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
रूट क्रमांक 08 के तहत 01 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे भैसमा में बाइक यात्रा का आगमन होगा। उरगा मंडल क्षेत्र में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर स्वागत कार्यक्रम के साथ विद्यार्थियों को कॉपी-पेन वितरण भी किया जाएगा। यात्रा के आगमन को लेकर भाजपा उरगा मंडल एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला कोरबा द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
वहीं रूट क्रमांक 06 के अंतर्गत 01 अक्टूबर को शाम 4 बजे जटगा, पसान मंडल में बाइक यात्रा पहुंचेगी। यहां यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा कटघोरा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम निर्धारित है। अगले दिन 02 अक्टूबर को सुबह 6 बजे कटघोरा मंडल में वृक्षारोपण एवं सेवा कार्य किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 9 बजे केंदई, चोटिया मंडल स्थित आश्रम में सेवा कार्य और संतों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित होगा।
वडनगर से वाराणसी तक चल रही यह बाइक यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश लेकर आगे बढ़ने वाला अभियान है। कोरबा में इसके विभिन्न पड़ावों पर होने वाले सेवा कार्यों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने जिले के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से दोनों रूटों के निर्धारित कार्यक्रमों में समय का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय से उपस्थित रहने का आग्रह किया है। उन्होंने संबंधित मंडलों एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से यात्रा के स्वागत, सेवा कार्यक्रमों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने की अपेक्षा की है।
भाजपा जिला कोरबा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कोरबा ने सभी संबंधित कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने की अपील की है। 01 और 02 अक्टूबर को कोरबा में बाइक यात्रा के अलग-अलग पड़ाव सेवा, सम्मान और सामाजिक सहभागिता के संदेश के साथ अभियान को नई गति देंगे।







