September 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 उम्मीद और राहत की नई राह लेकर आई है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा योजना के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने 98 हितग्राहियों को आवास निर्माण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज सौंपे।
दस्तावेज मिलने के साथ ही हितग्राहियों के लिए अपने पक्के आशियाने की ओर कदम बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ। कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मूल उद्देश्य पात्र परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।

 

 

चार किस्तों में मिलेगी 2.50 लाख रुपये की सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता राशि चार किस्तों में प्रदान की जाएगी। इसमें पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये, दूसरी किस्त में 50 हजार रुपये, तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये और चौथी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सहायता राशि मिलने से हितग्राहियों को चरणबद्ध तरीके से आवास निर्माण आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कोरबा में 4405 आवास स्वीकृत
नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत अब तक 4405 हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। निगम द्वारा पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराकर उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
महापौर ने हितग्राहियों को किया सतर्क
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने हितग्राहियों से अपील की कि शासन से मिलने वाली सहायता राशि का उपयोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवास निर्माण में ही किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अतिरिक्त राशि की मांग करता है या किसी प्रकार का प्रलोभन देता है, तो हितग्राही तत्काल संबंधित पार्षद अथवा नगर निगम के अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
कार्यक्रम में निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे। दस्तावेज वितरण कार्यक्रम ने उन परिवारों के बीच नई उम्मीद जगाई, जिनके लिए अपना पक्का घर केवल मकान नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की नींव है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.