बिजली बिल को लेकर देवपहरी में बड़ी पहल, पंचायत की बैठक में समय पर भुगतान पर बनी सहमति



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// देवपहरी। ग्राम पंचायत देवपहरी में बिजली बिल भुगतान से जुड़ी समस्याओं और उपभोक्ताओं की सुविधा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों के बीच बिजली बिल समय पर जमा करने तथा अधिक बिल आने की स्थिति में विभागीय स्तर पर उसकी जांच कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान बिजली बिल के नियमित भुगतान को लेकर उपस्थित ग्रामीणों ने सहमति जताई।
बैठक में बिजली बिल जमा करने की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी गई। इसी दौरान करीब 10 हितग्राहियों ने बिजली बिल की राशि पुसराम कंवर के पास जमा की। जमा की गई राशि को आगामी दिन बिजली विभाग के कार्यालय में जमा कराया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं के बिजली बिल भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

बैठक में ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि जिन हितग्राहियों को उनकी अपेक्षा से अधिक बिजली बिल प्राप्त हुआ है, वे सीधे बिजली विभाग के कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर बिल की जांच कराने का अनुरोध कर सकते हैं। विभागीय जांच के बाद यदि बिल में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
बैठक का उद्देश्य बिजली बिल से संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं को सामने लाना और भुगतान व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाना रहा। ग्रामीणों ने भी बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवेदन देने तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने पर चर्चा की।
इस अवसर पर पंचायत के पूर्व सरपंच अमृतलाल राठिया, पूर्व जनपद सदस्य पूरन सिंह मंझवार, पूर्व उपसरपंच परमेश्वर पैकरा, रामायण सिंह, कांशी राम, पूर्व पंच जगदेव सिंह, प्रेमदास, रायस राम, राजाराम कंवर, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में पंचायतवासी मौजूद रहे। बैठक में बिजली बिल भुगतान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और समय पर भुगतान तथा अधिक बिल की स्थिति में विभागीय जांच कराने की प्रक्रिया पर जोर दिया गया।







