“जनसेवा, संवेदनशील नेतृत्व और विकास कार्यों को मिला सम्मान : महापौर संजू देवी सिंह राजपूत का आयुष चिकित्सकों ने किया भव्य अभिनंदन”



‘हम सबका उद्देश्य सेवा है, मिलकर गढ़ेंगे विकसित कोरबा का नया अध्याय’— महापौर संजू देवी सिंह राजपूत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत के जनसेवा, संवेदनशील नेतृत्व और नगर के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण को आयुष चिकित्सकों ने सम्मानित करते हुए उन्हें भव्य अभिनंदन प्रदान किया। आयुष मेडिकल एसोसिएशन (आयुष्मा) कोरबा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में महापौर को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर उनके उल्लेखनीय कार्यों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।

होटल टॉप इन टाउन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में आयुष चिकित्सकों ने कहा कि महापौर संजू देवी सिंह राजपूत ने अपने सहज, संवेदनशील और जनहितैषी कार्यशैली से नगर निगम क्षेत्र में विकास की नई पहचान स्थापित की है। नगर के विकास कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और आमजन के लिए उनकी सहज उपलब्धता उन्हें एक जनप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित करती है।
सम्मान ग्रहण करने के पश्चात महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत ने आयुष चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा ही उनका मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “हम सभी का दायित्व समाज की सेवा करना है। यदि जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और समाज के विभिन्न वर्ग मिलकर कार्य करें, तो विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है।”
उन्होंने आगे कहा कि वे केवल किसी विशेष वर्ग की नहीं, बल्कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की महापौर हैं और हर नागरिक के लिए सदैव सहज एवं सरलता से उपलब्ध रहेंगी। नगर के विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वे कोरबा को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित नगर बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।

महापौर ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुःख में सहभागी बनना भी है। उनका प्रयास रहेगा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिले तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप, आयुष मेडिकल एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष डॉ. राघवेन्द्र सिंह ठाकुर, आयुष मेडिकल एसोसिएशन पेंड्रा के जिलाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय शर्मा सहित प्रदेश एवं जिले के अनेक वरिष्ठ आयुष चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आयुष मेडिकल एसोसिएशन (आयुष्मा) कोरबा के संरक्षक डॉ. आर.सी. पांडे, डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. जे.पी. चंद्रा, डॉ. के.के. पोद्दार, डॉ. उदय शर्मा, डॉ. कमलेश दुबे सहित बड़ी संख्या में चिकित्सकों एवं पदाधिकारियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का सफल संचालन आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के अध्यक्ष डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. सुरेंद्र मिश्रा द्वारा किया गया।
“सेवा, समर्पण और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा कोरबा”
आयुष चिकित्सकों द्वारा महापौर संजू देवी सिंह राजपूत का यह सम्मान न केवल उनके जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना है, बल्कि नगर के विकास के लिए उनके नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों के प्रति समाज के विश्वास और समर्थन का भी प्रतीक है।


