डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश: जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों संग किया वृक्षारोपण



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर कोरबा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरवी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के प्रति योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी जयंती केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। विद्यालय के प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विष्णु यादव, मंडल महामंत्री राकेश जायसवाल, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।


