July 6, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  कोरबा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने संवेदनशील और सक्रिय नेतृत्व का परिचय दिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए महापौर स्वयं बालको और दर्री क्षेत्र के जलभराव प्रभावित इलाकों में पहुंचीं तथा पार्षदों एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

 

निरीक्षण के दौरान महापौर ने जलभराव से प्रभावित सड़कों, कॉलोनियों और निचले क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि जल निकासी के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जहां-जहां पानी भरा हुआ है, वहां तत्काल अतिरिक्त संसाधन लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
महापौर ने कहा कि बारिश के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर पंप, मशीनें और अतिरिक्त अमले की तत्काल व्यवस्था की जाए। साथ ही नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नगर निगम को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

 

 

नगर निगम की टीम लगातार फील्ड में सक्रिय है और जल निकासी, सफाई तथा राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रभावित क्षेत्रों में पानी की निकासी के लिए आवश्यक मशीनरी और कर्मचारियों को लगाया गया है, जिससे स्थिति को शीघ्र सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
महापौर के इस त्वरित निरीक्षण और मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को सक्रिय करने की पहल से स्थानीय लोगों ने भी राहत की उम्मीद जताई। बारिश के बीच प्रशासनिक सक्रियता ने यह संदेश दिया कि शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ मैदान में डटा हुआ है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.