कोरबा को मिला 61.30 लाख के विकास कार्यों का तोहफा – उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन बोले: जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी, अंतिम दम तक करूंगा सेवा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा, 20 अप्रैल 2025 – कोरबा शहर को विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में वार्ड क्रमांक 34 परशुराम नगर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में कुल 61 लाख 30 हजार रुपए के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।

इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा की जनता ने उन पर सदैव अटूट विश्वास प्रकट किया है, जो उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अंतिम सांस तक कोरबा के समग्र विकास के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का उन्हें पूर्ण सहयोग व मार्गदर्शन प्राप्त है, और जो भी विकास प्रस्ताव उनके समक्ष रखे जाते हैं, उन्हें तुरंत स्वीकृति मिलती है।
उन्होंने कहा कि राज्य में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री श्री साय की अगुआई में ट्रिपल इंजन की सरकार प्रदेश को तेजी से विकास के पथ पर ले जा रही है। गांव-गांव तक पक्की सड़कें, बिजली, पानी, नाली जैसे मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं। साथ ही राज्य व केंद्र सरकार की योजनाएं आम नागरिकों तक तेजी से पहुंचाई जा रही हैं।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस विश्वास के साथ कोरबा की जनता ने उन्हें और मंत्री लखनलाल देवांगन को जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरेंगी। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य समयसीमा में एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

भूमिपूजन के अंतर्गत शामिल विकास कार्य:
- वार्ड क्र. 34 परशुराम नगर:
- टिंकू शर्मा के घर से मीना लहरे की गली तक – 26 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण।
- सुरेश चौरसिया के घर से मंदिर के पीछे गली तक – 18.70 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण।
- सत्यम शुक्ला के घर से आगे की ओर – 10.30 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण।
- वार्ड क्र. 30 जे.पी. कॉलोनी:
- शासकीय हाई स्कूल में – 6.30 लाख रुपए की लागत से साइकिल स्टैंड निर्माण।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्यजन
सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेंद्र देवांगन, एम.आई.सी. सदस्य धनकुमारी गर्ग, अजय गोंड़, लक्ष्मण श्रीवास, सुनीता चौहान, नारायणलाल कुर्रे, प्रताप सिंह कंवर, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, पूर्व पार्षद मीना लहरे, उमाभारती सराफ, सुकुंदी यादव, सुशील गर्ग, दीपक यादव, सरजू अजय, नरेंद्र पाटनवार, रूकमणी नायर, योगेश मिश्रा, प्रकाश अग्रवाल, रामकुमार राठौर, नवनीत शुक्ला, जोन कमिश्नर प्रकाश चन्द्रा, सहायक अभियंता गोयल सिंह विमल, आकाश अग्रवाल, किरण साहू, गुहाराम टंडन, बबलू पाण्डेय, पुनीराम, पंचराम निराला, रामशंकर साहू सहित बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिकगण उपस्थित थे।
यह आयोजन कोरबा शहर के विकास को एक नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा। जनप्रतिनिधियों की एकजुटता, प्रशासनिक तत्परता और जनता का विश्वास मिलकर आने वाले समय में कोरबा को और भी समृद्ध और सशक्त बनाएगा।


